
रेसिया झील
सोशल मीडिया पर कौतूहल का विषय बना रेसिया झील के नीचे से निकला गाँव।
इन दिनों इटली में स्थित रेसिया झील लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। यह झील अपने बर्फीले पानी के बीच मौजूद १४वीं शताब्दी के एक चर्च की मीनार के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन फिलहाल यहाँ एक खोया हुआ गाँव मिला है, जिसके बाद से लोग इसके बारे में जानकर काफ़ी हैरान हैं।
बताते चलें कि रेसिया झील टायरॉल के अल्पाइन क्षेत्र में स्थित है। यह वहाँ की सबसे मशहूर आर्टिफिशियल झीलों में से एक है। इसका पानी बर्फीला है और उसके बीच में १४वीं शताब्दी के एक चर्च की मीनार है। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में १४वीं सदी के चर्च टॉवर के करीब, तहखाना और दीवारें दिखाई देती हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टायरॉल नामक जगह ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड की सीमा में है। रिपोर्ट के मुताबिक, जब कई वर्षों बाद इसकी मरम्मत का काम शुरू हुआ तो उसके पानी को अस्थायी रूप से सुखाया गया। तब लोगों को जलमग्न गाँव की तस्वीरें देखने को मिलीं। रेसिया झील को जर्मन में रेसचेन्सी नाम से भी जाना जाता है।
बी.बी.सी. की रिपोर्ट के अनुसार, साल १९५० में झील में समाने से पहले क्यूरॉन नाम का गाँव कई हज़ार लोगों का घर हुआ करता था। एक हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट बनाने के लिए सरकार ने ७१ साल पहले एक बाँध का निर्माण करवाया था, जिसके लिए दो झीलों को मिलाकर एक झील बना दी गई थी।
बता दें कि १९५० में गाँव के निवासियों की आपत्ति के बावजूद भी अधिकारियों ने एक बाँध बनाने और पास की २ झीलों को मिलाने का फ़ैसला किया था। उसी समय यह गाँव पानी की गहराई में खो गया था। इस वज़ह से १६० से ज़्यादा घर उसी झील में जलमग्न हो गए थे। इनमें से कुछ लोग आस-पास घर बनाकर रहने लगे थे लेकिन क्यूरॉन गाँव पूरी तरह से गायब हो गया था।
रेसिया झील गर्मियों में हाइकर्स की पसंदीदा जगह है। गर्मियों के मौसम में हाइकिंग के शौक़ीन लोग यहाँ आकर हाइकिंग का आनन्द लेते हैं। सर्दियों में इसके जम जाने पर यहाँ आने वाले लोग झील पर चलकर चर्च के शिखर तक पहुँचते हैं। आपको बता दें कि इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों की पहली भाषा जर्मन है।
यह भी पढ़ें-
1 thought on “रेसिया झील के नीचे से निकला गाँव”