Table of Contents
नारद मोह
नारद मोह
दोहा
नारद के मन में जगा,
गर्व जनित अज्ञान।
माया रची श्रीनाथ ने,
हरने को अभिमान॥
मदन मथि मद मत्त मुनि,
मानी मन महाराज।
सिव की सीख बिसारि कै,
बढ़े बैकुंठ बिराज॥
सवैया
भक्त, भयंकर-भाव भरे मन,
भगवन को निज भेद सुनावैं।
काम कठिन करि कामुक कौतुक,
किंचित कलेस न कोउ करावैं।
मन ही मन मुसकाय मुरारी,
मूरख मुनि को मान मिटावैं।
मारग माँय महामाया से,
मोहमयी नगरी महकावैं॥
दोहा
शीलनिधि की बाला सुंदर,
बिस्वमोहिनी नाम।
रेख निरखि रमणी रतन,
मुनि मन उपजा काम॥
सवैया (पहला भाग)
देखत रूपहि नारद मोहित,
सुंदर मोहक छवि अति न्यारी।
रमणी रमण, रूप रस राते,
नैनानंदिनी नारि निहारी।
धाम धरापति धाय धरे पग,
देहु दयामय मोहि मुरारी।
मांगत रूपहि श्रीहरि सों मुनि,
देव-छवि रवि सों अति भारी॥
सवैया (दूसरा भाग)
जैसो जगत्पति जीति जगत् को,
सुंदर साँवरि सूरत सारी।
हरि कहि, हरि तब, हरि-मुख दीन्हों,
बानर बदन बनाय बिहारी।
मरकट-आनन दीन्हा मुनीशहिं,
देत भयंकर न बात विचारी।
गरब समेत गए मुनि मंडप,
जान ना पावत रूप विकारी॥
दोहा
हर्षित मन नारद मुनि,
पहुँचे प्रभु पद पाय।
बानर बदन बिलोकि कै,
सकल सभा सकुचाय॥
दोहा (शिव गणों का उपहास)
बिप्र बेष शिवगण तहाँ,
गहि मन गूढ़ गुमान।
मर्कट मुख मुनिहिं रमत,
हँसत करत गुणगान॥
सवैया
मंचहि नारद अभिमान मगन,
छबि छैला छबिकाय निहारैं।
बाला बरनि बिलोकत बानर,
देखि दसा दरसाय दुत्कारैं।
पेखि प्रभा प्रभु पद्म-नयन की,
माला मुदित मुरारि पहिरावैं।
क्रोध कराल करैं कपि-आनन,
साप सकोप सुसंत उचारैं॥
दोहा
गये गरुड़-गामी सँग रमणी,
शिवगन गिरा गिराई गूढ़।
नीर निरखि निज नयनन मुनिवर,
मर्कट मुखहिं, बिलोकहु मूढ़॥
दोहा
नीर निहारि निज नैनन में,
बानर बदन बिसाल।
कोप कराल कठोर कपि,
भभके भृकुटि उर भाल॥
सवैया
गर्जत घोर गिरा गहि गोसाईं,
गूढ़ गरब गन को गहिरावैं।
बिप्र बेष धरि बंचक बैठे,
बानर बदन बिलोकि बिहँसावैं।
राछस रूप धरौ,दुहुँ मूरख,
रुच्छ रुदन रन-भूमि रुलावैं।
दानव देह दसा दुखदायिनी,
दारुन दनुज दर्प दरसावैं॥
सवैया
क्रोध कराल करैं कपि-आनन,
कंपत काया कलेजा कपावैं।
धाय गए धरणीधर हरि के,
धोखा धरौ, धरती धमकावैं।
मायामयी, मरजाद मिटाय कै,
मोहिं मरकट मूढ़ बनावैं।
छल छंद छिपाय छली छलिया,
छबि छीनि, छिमा नहिं, छाती जुड़ावैं॥
दोहा
नारि निरास, निरादर नारद,
साप सकोप सुनाय।
बन बन बिरह बिथा बढ़े,
बानर बनहिं सहाय॥
सवैया
तीय तजी,तरपैं तन में,
तुम तोहिं तिया तहँ ताप तपावैं।
मानव व्है, माटि में माथ मले,
मग माझ महा मति मारग जोवैं।
बानर बेस बनाय दियो मोहिं,
बानर ही बन बंधु कहावैं।
दीन दयालु दसा दुखिया,
सु दसा दसकंठ दलन दरसावैं॥
दोहा
हरि हँसि हीय हरषाय कै,
माया लीन्ही हटाय।
नारद नत, नत-मस्तक भये,
चरन चरन चित लाय॥
सवैया
पाप प्रबल, प्रभु पाहि प्रभू,
पद-पंकज पूजत, पाप नसावैं।
मोह महा मद मत्त मुनी,
महिमा मन मांहि मलीन गवाँवैं।
दीन दयालु दया दरिया,
दुख दरद, दूर, दुखिया दुलरावैं।
गावत गिरा,गोबिंद गुन,
गरुड़ासन-गीत गगन गहरावैं॥
दोहा
हरि माया अति दुस्तरै,
लखै न मुनि मति-धीर।
‘हंस मधु’ भजि राम पद,
मिटै सकल भव-पीर॥
पुराने पन्नों से
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में है,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये.
मधुमासों की जननी हो तुम,
प्रिय वसंत की निर्झरिणी
शांत हृदय की मंद रागिनी,
भ्रांतमना सुरमयी तरुणी
मिलन मिठास है प्रिय प्रवास ,
बिछुड़े मिलने की आस प्रिये,
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये,
बदन जलाती कड़ी धूप में,
सुख उपजाती शीतल छाया
सावन का आवन मनभावन,
नीर तुम ही ने बरसाया
जन्मों-जन्मों की आज मिटादो,
अन्तर में गहरी प्यास प्रिये
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये
झलका मधुमय धवल चन्द्र,
शारद निर्मल आह्वान प्रिये
चुनने दो हंसा को मोती,
रख लो मानस का मान प्रिये
मधुर मधु मधुकर अवलम्बन,
नित ज्योति का उत्थान प्रिये
धवल खीर है नवल चांदनी,
हो जाये अमृतपान प्रिये
बनकर खिलता सुर्ख गुलाब,
पूरो अन्तिम अभिलाष प्रिये
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये
पौध लगाकर जल देने से,
फूल-बगर खिल जाते हैं
दैव भाग्य अनुकूल, रुत में फल,
पल्लू भर मिल जाते हैं
ढलक रहा है मधुर-मधु, इन
अधरों से मकरंद प्रिये
आज हटा लो पट झटपट,
अब पीने दो स्वच्छंद प्रिये
देखे नयनन उल्लास जगे,
छूकर तन को विश्वास प्रिये
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये
सुध-बुध खोकर, भेद मिटा दो,
हो जाओ एकाकार प्रिये
सुरभित पराग, अनुराग हिये में,
अब आवेदन उद्गार प्रिये
मधुकर की सुरभित श्वासों में,
है अमर प्यार के छंद प्रिये
हर जन्म यही गठबंधन हो,
और शतकों का अनुबंध प्रिये
तुम लहरों की महारानी हो,
मैं लहरों का दास प्रिये,
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये,
सुख चैन लुटाती रैनन में,
नित नैनन में उल्लास लिये.
प्रहर प्रहर मधु ज्योति जगाती,
परस सरस आभास हिये.
अनुप्रास तुम्हारे बैनन में,
सैनन से गहरा त्रास प्रिये,
रचयिता-हंसराज गुप्ता पूणीवाला,
रिटायर्ड वरिष्ठ लेखाधिकारी, निवासी अजीतगढ जिला सीकर, मोबाईल नं 9413910665
यह भी पढ़ें:-
