गिजुभाई बधेका के शैक्षिक प्रयोग और वर्तमान प्रासंगिकता: गिजुभाई बधेका के बाल-केंद्रित शैक्षिक प्रयोगों और खेल-खेल में सीखने की विधि को जानें। पढ़ें कि आधुनिक शिक्षा और NEP 2020 में उनके विचार आज भी कितने प्रासंगिक हैं।
Table of Contents
गिजुभाई बधेका के शैक्षिक प्रयोग और वर्तमान प्रासंगिकता
लेख के आरंभ में ही मैं पाठकों के लिए गिजुभाई का परिचय साझा करना चाहूंगा, क्योंकि भारतीय शिक्षा क्षेत्र में आज भी गिजुभाई अपरिचित से हैं, तो शेष समाज भला उनसे कैसे परिचित होगा। गिजुभाई भारत के ऐसे पहले शिक्षाविद् हैं जो भयमुक्त आनंदमय शिक्षा की बात करते हैं। वह केवल बातों के गुब्बारे नहीं उड़ाते बल्कि विद्यालय में बच्चों के साथ आनंदमय शिक्षा के मनमोहक प्रयोग करके शिक्षकों एवं समाज के सम्मुख एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। वह कक्षा की बंद दीवारों में खिड़कियां खोलते हैं ताकि नवाचार की मलय बयार और खुशियों का उजाला बच्चों तक पहुंच सके। वह शिक्षा को जडता से मुक्त कर गतिशील करते हैं। उनके लिए शिक्षा का अर्थ पुस्तकीय सिद्धांतों, सूचनाओं एवं प्रश्नोत्तरों को रटना और परीक्षाओं में हू-ब हू उगल देना नहीं बल्कि बच्चों द्वारा स्वयं ज्ञान निर्माण से था, और इसके लिए जरुरी था कि पाठशालाओं का परिवेश बाल मैत्रीपूर्ण हो, जहां बच्चे अपनी बाल चपलता, संवेदनशीलता एवं सहजता के साथ निर्भय हो अपनी कल्पनाओं में रंग भर सकें। वह बच्चों के चेहरों पर डर एवं भय से उपजी उदासी नहीं बल्कि रचनात्मकता की खुशी एवं लालिमा देखना चाहते थे। इसलिए उन्होंने ‘बाल देवो भव’ का उद्घोष कर बच्चों के लिए विद्यालयों को उनकी सपनीली जगह बना दिया, जहां वे उड़ान भर सकते थे। पर उनके लिए यह रास्ता कांटों भरा था, क्योंकि वह तत्कालीन शिक्षा धारा के विरुद्ध तैरना चाह रहे थे। कठिनाइयों से जूझते हुए लक्ष्य प्राप्त किया, किंतु विद्यालय के साथी शिक्षकों द्वारा उपेक्षा एवं उपहास का प्रसाद प्रदान किया गया। उनकी राह में अवरोध खड़े किए गये पर वह पथिक ही क्या जो पथ के कंटकों से विचलित हो अपने लक्ष्य से विमुख हो जाये। गिजुभाई ने उन कंटकों को सुवासित सुमन रूप स्वीकार कर बिना किसी प्रतिक्रिया के केवल अपनी शैक्षिक साधना में मन, वचन एवं कर्म से सतत सन्नध सक्रिय रहे।
गिजुभाई बधेका का जन्म गुजरात के भावनगर जनपद के वल्लभीपुर चित्तल ग्राम में 15 नवम्बर, 1885 को हुआ था। पिता भगवान भाई बधेका और माता काशी बा का स्नेह-दुलार प्राप्त करता शिशु आंगन में किलकारी करता तो परिवार में खुशियां बिखर जातीं। शिशु का नामकरण हुआ गिरिजा शंकर भगवान जी बधेका, जो आज गिजुभाई बधेका नाम से विश्व विश्रुत है। गिजुभाई की आरम्भिक शिक्षा गांव में ही हुई और आगे की पढ़ाई के लिए मामा के घर भावनगर चले गये। उनके मामा का सरल, शांत, धैर्य और प्रकृति प्रेमी स्वभाव बालक गिजुभाई को आकर्षित करता और वे गुण उसमें घर करते गये। आगे की शिक्षा हेतु कालेज जाना हुआ पर परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वे शिक्षा पूरी न कर अर्थोपार्जन हेतु अफ्रीका पहुंच एक अंग्रेज एडवोकेट के यहां नौकरी कर ली। गिजुभाई में सीखने की ललक और जिज्ञासा हमेशा रही। वे कोई काम कल पर न टालते। समय से सुव्यवस्थित कार्य करने के कारण अंग्रेज एडवोकेट प्रसन्न रहता। यहां काम करते हुए गिजुभाई को कानून का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। एक बार कोई समस्या आने पर जब गिजुभाई ने एडवोकेट से समाधान हेतु पूछा तो उसने उत्तर दिया, “अपना दिमाग लगाओ।” यह वाक्य गिजुभाई के जीवन का पथ प्रदर्शक बन गया। जीवन में जब भी समस्या आती तो बजाय किसी से समाधान पूछने के वह स्वयं हल खोजते। इससे उनकी चिंतन-मनन और विचार शक्ति बलवती होती गई। आगे उनको भारत वापस आना पड़ा। डिस्ट्रिक्ट प्लीडर की परीक्षा उत्तीर्ण कर वह सुरेंद्र नगर में वकालत करने लगे। वह समय वकालत के लिए स्वर्ण युग था। खूब पैसा, मान-सम्मान और प्रतिष्ठा थी, किंतु गिजुभाई का मन अदालती दांव-पेंच में न रमा। वह जीवन में कुछ अलग हटकर करना चाहते थे। संयोग से फरवरी 1913 में पुत्र नरेंद्र बचुभाई का जन्म हुआ और उसकी शिक्षा के लिए गिजुभाई ऐसा विद्यालय खोजने में जुटे जहां बच्चे आनंदमय वातावरण में शिक्षा ग्रहण करते हों। जहां जाने की खुशी प्रकट हो और बिना भय-दण्ड के खेल-कहानी के द्वारा शिक्षण किया जाता हो, पर उनको ऐसा स्कूल नहीं मिला। इसी बीच गिजुभाई ने भारतीय और विदेशी शिक्षाविदों के विचारों का अध्ययन किया। मारिया मांटेसरी के विचारों ने उनको प्रभावित किया और उसे जमीन पर उतारने का स्वप्न वह देखने लगे। संयोग से इसी समय 1910 में महाविद्यालय के प्रवक्ता नरसिंह प्रसाद कालीदास भट्ट उपाख्य नानाभाई ने भावनगर में एक विद्यालय दक्षिणामूर्ति बाल भवन की स्थापना की, जहां बच्चों के लिए बिना दंड-भय के बाल मैत्रीपूर्ण परिवेश में शिक्षण का प्रबंध था। विद्यालय लोकप्रिय हो गया। नानाभाई के आमंत्रण पर नवम्बर 1916 में वकालत छोड़कर गिजुभाई ने विद्यालय प्रमुख के रूप में दक्षिणामूर्ति बाल भवन में कार्य करना आरंभ किया और अपने शैक्षिक विचारों के पौधे रोपे। नानाभाई ने कहा था कि विद्यालय की स्थापना भले ही मैंने की हो किंतु इसमें प्राण प्रतिष्ठा गिजुभाई ने किया है। गिजुभाई को यहां जैसे स्वप्नों को साकार करने का फलक मिल गया। उनके विचार एवं शैक्षिक प्रयोग आज राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा और शिक्षा नीतियों में समाहित हैं।
गिजुभाई ने शिक्षा को बंद किताबों की तोता रटंत से मुक्त कर प्रकृति की खुली पुस्तक के रूप में बदल दिया। वह कक्षा में व्याख्यान और श्यामपट में प्रश्नोत्तरों को लिखाने एवं कापियों में उतरवाने के पक्षधर न थे बल्कि खेल-खेल में गीत, संगीत, कहानी, नाट्य मंचन एवं शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से पाठकों को रससिक्त एवं आनंदमय बनाने के पैरोकार थे। शारीरिक एवं परिवेशीय स्वच्छता पर जोर था। वह विद्यार्थियों के मैले वस्त्र स्वयं धुलकर बच्चों को नहला कंघी कर प्रसन्नचित्त कर देते थे और तब बच्चे एवं अभिभावकों को सफाई का महत्व समझ आता। वह बच्चों में कौशलों के विकास के लिए अवसर पैदा करते थे। वह बच्चों के सर्वज्ञाता गुरु नहीं अपितु उनके सच्चे मित्र एवं सहयोगी थे। वह शिक्षकों को बच्चों से प्रेम करने एवं विद्यालय के प्रति आत्मीयता का भाव जगाने को प्रेरित करते थे। गिजुभाई ने 200 से अधिक पुस्तकें लिखीं। प्राथमिक शिक्षा पर केंद्रित आनंदमय शैक्षिक प्रयोग उनकी अमर कृति ‘दिवास्वप्न’ में देखे जा सकते हैं। उनका बाल साहित्य पढ़ कर काका कालेलकर ने गिजुभाई को ‘बाल साहित्य का विधाता’ संज्ञा दी तो लोक ने मूंछों वाली मां कह आदर व्यक्त किया। 23 जून, 1939 में मुम्बई में गिजुभाई ने अंतिम सांस ली।
प्राथमिक शिक्षा की वर्तमान चुनौतियों में गिजुभाई की कितनी प्रासंगिकता विद्यमान है, यह प्रश्न हवा में तैरता उत्तर खोज रहा है। मैं जब शिक्षक समुदाय से बातचीत करता हूं तो वे कहते हैं कि आज शिक्षक विभागीय आदेशों-निर्देशों की रस्सी में बंधा है। दर्जनों ऐप से प्रशिक्षण एवं बच्चों की परीक्षा कराना, वाट्सएप पर तुरंत सूचनाएं मांगी जाना, शिक्षक डायरियों का भरना, आफलाइन प्रशिक्षण, शिक्षक संकुल बैठक, लगभग हर दिन कोई न कोई कार्यक्रम करने का अचानक आदेश आ जाना और जनगणना, चुनाव जैसे कार्यों में ड्यूटी लगने से बच्चों एवं शिक्षकों के बीच मित्रता, मधुरता एवं आत्मीयता का सम्बंध नहीं बन पाता। आज शिक्षक को केवल एक कर्मचारी मानकर व्यवहार किया जा रहा है। विभाग और समाज में शिक्षक का सम्मान घटा है। छात्र-शिक्षक अनुपात में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं। शिक्षक दंडित किए जा रहे हैं। मुझे लगता है उनकी बातें अपनी जगह सही एवं उचित हैं पर इसी प्रतिकूलता से शिक्षकों को अनुकूल रास्ते बनाने होंगे। गिजुभाई का साहित्य हममें वर्तमान चुनौतियों के बीच आनंदमय राह बनाने का हुनर पैदा करने में समर्थ है। गिजुभाई के विचारों की प्रासंगिकता वर्तमान संदर्भों में सर्वाधिक है। विश्वास करिए, चुनौतियों से निकलने का रास्ता गिजुभाई दिखा रहे हैं। हमें स्वयं में वह दृष्टि विकसित करनी है जो ‘लक्ष्मीशंकर’ बन बच्चों का सच्चा मीत बन सकें।
प्रमोद दीक्षित मलय
लेखक आनंदमय शिक्षा के पक्षधर हैं। बांदा, उत्तर प्रदेश मोबा. 9452085234
यह भी पढ़ें:-
- पढ़ाई में मन कैसे लगाएँ? एकाग्रता बढ़ाने के 15 प्रभावी तरीके
- स्किल डेवलपमेंट क्या है? महत्त्व, प्रकार, लाभ और करियर के अवसर
